आर्थिक सुधारों से बदली थी भारत की तस्वीर: विधायक विवेक शर्मा
बंगाणा ,जोगिंद्र देव आर्य :-कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा और कुटलैहड़ कांग्रेस नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। विवेक शर्मा ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह का जीवन उपलब्धियों से भरा हुआ था और उनका योगदान भारतीय अर्थव्यवस्था के सुधार में अतुलनीय है। वह देश के सबसे सफल वित्तमंत्री रहे और आर्थिक सुधारों के माध्यम से उन्होंने भारत की तस्वीर को बदलने में अहम भूमिका निभाई।
विवेक शर्मा ने कहा, “डॉ. मनमोहन सिंह की किताब ‘India’s Export Trends and Prospects for Self-Sustained Growth’ भारत की व्यापार नीति की पहली और सटीक मानी जाती है।” डॉ. सिंह 13वें प्रधानमंत्री बने और वह जवाहरलाल नेहरू के बाद पहले ऐसे प्रधानमंत्री थे जिन्हें पांच वर्षों का कार्यकाल पूरा करने के बाद लगातार दूसरी बार प्रधानमंत्री बनने का अवसर मिला।विवेक शर्मा ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह को 1991 से 1996 तक पीवी नरसिंह राव के प्रधानमंत्री रहते हुए वित्त मंत्री के तौर पर किए गए ऐतिहासिक आर्थिक सुधारों का श्रेय जाता है। उन्होंने बताया कि डॉ. सिंह ने पंजाब विश्वविद्यालय से अपनी स्नातक और स्नातकोत्तर शिक्षा प्राप्त की, फिर कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय से पीएचडी की और ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से डी-फिल किया।
विवेक शर्मा ने यह भी बताया कि डॉ. मनमोहन सिंह ने अर्थशास्त्र के अध्यापक के रूप में भी ख्याति प्राप्त की और वे पंजाब विश्वविद्यालय और दिल्ली स्कूल ऑफ इकनॉमिक्स में प्राध्यापक रहे। इसके अलावा, वे संयुक्त राष्ट्र व्यापार और विकास सम्मेलन के सलाहकार, 1987 और 1990 में साउथ कमीशन के सचिव, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय में आर्थिक सलाहकार, वित्त मंत्रालय में मुख्य आर्थिक सलाहकार, आरबीआई गवर्नर, योजना आयोग के उपाध्यक्ष, प्रधानमंत्री के आर्थिक सलाहकार और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहे।डॉ. सिंह के योगदान को याद करते हुए कुटलैहड़ कांग्रेस अध्यक्ष राम आसरा शर्मा, राज्य सचिव कर्नल धर्मेंद्र सिंह पटियाल, देसराज मोदगिल, देसराज गौतम, विवेक मिंका, सदाशिव मंदिर के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा, सुदेश शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने डॉ. मनमोहन सिंह की अकस्मात मृत्यु पर शोक व्यक्त किया।